भड़ीसर मंडी में टोकन कटने के बावजूद किसानों को भेजा गया पुराने ख़रीदी केंद्र केड़ार,

धान खरीदी केंद्र बदलने से नाराज सुवरगुड़ा के किसान, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन ,

सारंगढ़ बिलाईगढ़ | ग्राम सुवरगुड़ा के किसानों की धान खरीदी केंद्र बदलने की समस्या को लेकर सोमवार 16 नवंबर को किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर एवं जिला खाद्य अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा।

किसानों ने ग्राम सुवरगुड़ा को पुनः केड़ार धान खरीदी केंद्र में भेजने के निर्णय को निरस्त कर पूर्ववत भड़ीसार धान खरीदी केंद्र में ही धान विक्रय की सुविधा देने की मांग की है।

किसानों ने ज्ञापन में बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया था। किसानों की परेशानी को देखते हुए उन्हें भड़ीसार धान खरीदी केंद्र में धान बेचने की मांग की गई थी। इतना ही नहीं, ग्राम सुवरगुड़ा के कुछ किसानों का भड़ीसार धान खरीदी केंद्र में टोकन भी जारी हो चुका है। इसके बावजूद अचानक खरीदी केंद्र बदलकर किसानों को पुनः केड़ार धान खरीदी केंद्र में भेज दिया गया है।

इस निर्णय से किसानों में असमंजस की स्थिति निर्मित हो गई है। किसानों का कहना है कि बार-बार धान खरीदी केंद्र बदलने से उन्हें आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि भड़ीसार धान खरीदी केंद्र में लगभग 30 से 32 हजार क्विंटल धान की खरीदी होती है, जबकि केड़ार केंद्र में लगभग 50 से 55 हजार क्विंटल धान की खरीदी होती है।

किसानों ने प्रशासन के सामने पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें ग्राम सुवरगुड़ा के समस्त किसानों को पूर्ववत भड़ीसार धान खरीदी केंद्र में रखने, जिन किसानों के टोकन जारी हो चुके हैं उन्हें मान्य रखते हुए धान खरीदी सुनिश्चित करने तथा केदार केंद्र भेजने के निर्णय को निरस्त करने की मांग शामिल है। साथ ही भविष्य में बार-बार खरीदी केंद्र नहीं बदलने का भी आग्रह किया गया है।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे चक्काजाम एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

अब देखना होगा कि जिला प्रशासन किसानों की इस समस्या का समाधान कब तक करता है।

 

धीरज बरेठ सारंगढ़ 🖋️ 9131949525

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *