आदर्श ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल छिन्द में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान निर्माण दिवस
सारंगढ़ बिलाईगढ़| 26 नवंबर को शाहिद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय से संबद्ध आदर्श ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल छिन्द में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में संविधान निर्माण दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्रों के समक्ष विधिवत पूजन-अर्चन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पठन किया गया तथा संविधान के मूल्यों, आदर्शों और कर्तव्यों के पालन की शपथ ली गई। इसके साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से पूरे गांव में स्वच्छता के महत्व, स्वच्छ वातावरण एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ संविधान के महत्व को समझा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व की भावना का विकास करना तथा समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के संचालक श्री कमलेश साहू, प्राचार्य श्रीमती ज्योति साहू, उपप्राचार्य श्री विद्याधर चौहान, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री गोपाल प्रसाद साहू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व को समझने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा मिली।
धीरज कुमार बरेठ सारंगढ़ 🖋️ 9131949525

मैं एक समर्पित, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकार हूँ, जिसका उद्देश्य समाज तक सच्ची, तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पहुँचाना है। मेरे लिए पत्रकारिता महज़ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी, जनहित की आवाज़ और लोकतंत्र की मजबूती का माध्यम है।सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और जनसरोकार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को मैं निष्पक्षता, ईमानदारी और तथ्यों की कसौटी पर परखकर सामने रखने में विश्वास रखता हूँ। मेरा प्रयास रहता है कि हर खबर केवल सूचना न हो, बल्कि लोगों को जागरूक करने, सवाल उठाने और सही निर्णय लेने में सक्षम बनाने का माध्यम बने।मेरा दृढ़ विश्वास है कि सटीक और स्वतंत्र जानकारी ही एक जागरूक, सशक्त और बेहतर समाज की नींव है। इसी विश्वास के साथ मैं पत्रकारिता को पूरी निष्ठा, साहस और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।
