अवैध क्लीनिकों और अनधिकृत चिकित्सा कार्य करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
राज्य शासन के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन ने उठाया सख्त कदम, कलेक्टर के निर्देश पर जिला स्तरीय समिति गठित
जिलेवासियों से शासकीय एवं विधिवत पंजीकृत अस्पतालों में उपचार कराने की अपील की
सारंगढ़-बिलाईगढ़ | राज्य शासन के निर्देशों के अनुपालन में जिले में आम नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा अवैधानिक चिकित्सा गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव द्वारा अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों, बिना वैध पंजीयन चिकित्सा कार्य करने वाले व्यक्तियों तथा नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले चिकित्सा संस्थानों की जांच एवं उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है।
गठित समिति द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित निजी अस्पतालों, क्लीनिकों एवं अन्य चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान संस्थानों के वैध पंजीयन, संचालन की अनुमति, चिकित्सकों की निर्धारित योग्यता, प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ, उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं तथा नर्सिंग होम एक्ट के निर्धारित मापदंडों के अनुपालन की जांच की जाएगी। अवैधानिक रूप से संचालित चिकित्सा संस्थानों एवं अनधिकृत चिकित्सा कार्य करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध छापेमार कार्रवाई करते हुए नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने कहा कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य एवं जीवन की सुरक्षा स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता एवं वैध पंजीयन के चिकित्सा कार्य करना लोगों के स्वास्थ्य और जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। कई बार जानकारी के अभाव में लोग अनधिकृत व्यक्तियों से उपचार करा लेते हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं बढ़ने की आशंका रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए जिले में अवैधानिक चिकित्सा गतिविधियों के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई का अभियान चलाया जाएगा।
सीएमएचओ डॉ. वैष्णव ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की बीमारी अथवा स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों या विधिवत पंजीकृत निजी अस्पतालों में ही उपचार कराएं। निजी चिकित्सा संस्थानों में उपचार कराने से पहले संबंधित संस्थान के पंजीयन एवं चिकित्सक की वैध योग्यता के संबंध में जानकारी अवश्य प्राप्त करें। साथ ही कहीं भी अवैधानिक चिकित्सा गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें।
उन्होंने बताया कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित अन्य शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से आम नागरिकों को चिकित्सा परामर्श, स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयां एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कलेक्टर के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में अवैधानिक चिकित्सा गतिविधियों की रोकथाम के लिए नियमित निरीक्षण एवं जांच की जाएगी। नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं चिकित्सा संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
धीरज बरेठ सारंगढ़ 🖋️ 9131949525

मैं एक समर्पित, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकार हूँ, जिसका उद्देश्य समाज तक सच्ची, तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पहुँचाना है। मेरे लिए पत्रकारिता महज़ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी, जनहित की आवाज़ और लोकतंत्र की मजबूती का माध्यम है।सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और जनसरोकार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को मैं निष्पक्षता, ईमानदारी और तथ्यों की कसौटी पर परखकर सामने रखने में विश्वास रखता हूँ। मेरा प्रयास रहता है कि हर खबर केवल सूचना न हो, बल्कि लोगों को जागरूक करने, सवाल उठाने और सही निर्णय लेने में सक्षम बनाने का माध्यम बने।मेरा दृढ़ विश्वास है कि सटीक और स्वतंत्र जानकारी ही एक जागरूक, सशक्त और बेहतर समाज की नींव है। इसी विश्वास के साथ मैं पत्रकारिता को पूरी निष्ठा, साहस और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।
