अब ‘कोटवारी जमीन’ को भी नहीं छोड़ रहा खनन माफियाओं ने !
सारंगढ़ बिलाईगढ़ | जिले के सारंगढ़ विकासखंड के अंतर्गत आने वाला गुड़ेली टीमरलगा क्षेत्र इन दिनों अवैध खनन का गढ़ बन चुका है।
यहाँ निजी जमीनों के साथ-साथ शासकीय भूमि का सीना चीरकर खनिज पदार्थों की बेखौफ लूट जारी है।
बताया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार की सबसे शर्मनाक और चौंकाने वाली नमूना यह है कि अब माफियाओं की नजरें उन जमीनों पर भी गड़ चुकी हैं, जो शासन ने गरीब कोटवारों को उनके जीवनयापन और भरण-पोषण के लिए दी थीं।
सरकार का उद्देश्य साफ था कि कोटवार अपनी इस भूमि पर खेती-किसानी कर अपने परिवार का गुजारा कर सकें।
परंतु, गुड़ेली के भू-माफियाओं और अवैध उत्खननकर्ताओं ने इंसानियत और कानून, दोनों को ताक पर रख दिया है। जिस जमीन पर हरी-भरी फसलें लहलहानी थीं, उसे आज गहरे गड्ढों और पत्थरों की खदानों में तब्दील कर दिया गया है। खनिज संपदा की इस अवैध चोरी ने न सिर्फ ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ तोड़ी है, बल्कि शासन की कल्याणकारी मंशा को भी गहरी चोट पहुंचाई है।
राजस्व अमला खामोश या मिलीभगत?
सवाल यह उठता है कि क्या क्षेत्र के राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन को इस बात की भनक नहीं है? खुलेआम पोकलेन और ट्रैक्टरों के जरिए कोटवारी जमीन से खनिज चोरी हो रहा है और जिम्मेदार अधिकारी गहरी नींद में सोए हुए हैं। यदि राजस्व विभाग निष्पक्षता दिखाते हुए गुड़ेली की इस कोटवारी जमीन के खसरा और रकबे की बारीकी से पैमाइश और जांच करे, तो शासन को करोड़ों रुपए की राजस्व क्षति का बड़ा खुलासा सामने आ सकता है।
अब देखना यह होगा कि क्या जिला प्रशासन और खनिज विभाग इस सनसनीखेज खुलासे के बाद अपनी आंखें खोलता है या फिर माफियाओं के दबाव में फाइलों को दबा दिया जाएगा?
धीरज बरेठ सारंगढ़ 🖋️ 9131949525

मैं एक समर्पित, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकार हूँ, जिसका उद्देश्य समाज तक सच्ची, तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पहुँचाना है। मेरे लिए पत्रकारिता महज़ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी, जनहित की आवाज़ और लोकतंत्र की मजबूती का माध्यम है।सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और जनसरोकार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को मैं निष्पक्षता, ईमानदारी और तथ्यों की कसौटी पर परखकर सामने रखने में विश्वास रखता हूँ। मेरा प्रयास रहता है कि हर खबर केवल सूचना न हो, बल्कि लोगों को जागरूक करने, सवाल उठाने और सही निर्णय लेने में सक्षम बनाने का माध्यम बने।मेरा दृढ़ विश्वास है कि सटीक और स्वतंत्र जानकारी ही एक जागरूक, सशक्त और बेहतर समाज की नींव है। इसी विश्वास के साथ मैं पत्रकारिता को पूरी निष्ठा, साहस और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।
