
सरिया और सरसींवा क्षेत्र में मुरुम एवं रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई
सारंगढ़–बिलाईगढ़ /– जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर रोक लगाने जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने सरिया और सरसींवा तहसील के विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण कर अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त कुल 12 वाहन एवं मशीनों के विरुद्ध कार्रवाई की है। वहीं एक प्रकरण में एक लाख रुपए की राशि शासन के मद में जमा कराई गई है।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 अक्टूबर को सरिया तहसील के ग्राम जोतपुर-बोंदा में औचक निरीक्षण के दौरान मुरुम के अवैध उत्खनन में संलिप्त दो जेसीबी मशीनों और तीन ट्रैक्टरों पर कार्रवाई कर थाना सरिया की अभिरक्षा में रखा गया। इसी प्रकार 13 अक्टूबर को सरसींवा तहसील के ग्राम ओडकाकन में साधारण रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त एक ट्रैक्टर को पकड़कर थाना सरसींवा की अभिरक्षा में रखा गया। इसके अगले दिन 14 अक्टूबर को सरिया तहसील में रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए तीन ट्रैक्टरों के विरुद्ध कार्रवाई कर थाना सरिया की अभिरक्षा में रखा गया।
इससे पूर्व 21 सितंबर को सरसींवा तहसील के ग्राम ओडकाकन में रेत के अवैध उत्खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर लोडर मशीन एवं दो ट्रैक्टरों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपए की राशि शासन के मद में जमा कराई गई थी।
खनिज विभाग द्वारा उक्त कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के प्रावधानों के तहत की गई है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज अमला नियमित निरीक्षण के साथ समाचार पत्रों एवं अन्य संचार माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर भी तत्परता से कार्रवाई कर रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध जांच और कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
सारंगढ़ से धीरज बरेठ की रिपोर्ट 🖋️

मैं एक समर्पित, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकार हूँ, जिसका उद्देश्य समाज तक सच्ची, तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पहुँचाना है। मेरे लिए पत्रकारिता महज़ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी, जनहित की आवाज़ और लोकतंत्र की मजबूती का माध्यम है।सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और जनसरोकार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को मैं निष्पक्षता, ईमानदारी और तथ्यों की कसौटी पर परखकर सामने रखने में विश्वास रखता हूँ। मेरा प्रयास रहता है कि हर खबर केवल सूचना न हो, बल्कि लोगों को जागरूक करने, सवाल उठाने और सही निर्णय लेने में सक्षम बनाने का माध्यम बने।मेरा दृढ़ विश्वास है कि सटीक और स्वतंत्र जानकारी ही एक जागरूक, सशक्त और बेहतर समाज की नींव है। इसी विश्वास के साथ मैं पत्रकारिता को पूरी निष्ठा, साहस और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।
